क्राइमभारत

भदोही के पूर्व विधायक का बेटा पुणे से गिरफ्तार

सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चल रहा था फरार

पुणे (महानगर संवाददाता) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय मिश्रा के बेटे विष्णु मिश्रा को विगत रविवार रात को सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। विष्णु मिश्रा पुणे के हडपसर इलाके में एक आलीशान मकान में किराए पर रह रहा था। पुलिस उपायुक्त नम्रता पाटिल ने बताया कि आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) पुणे आई थी। पुणे पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विष्णु मिश्रा के पिता विजय मिश्रा भदोही जिले के पूर्व विधायक तथा काफी रसूखदार माने जाते हैं। उत्तर प्रदेश के भदोही विधानसभा क्षेत्र से वे कई बार विधायक रह चुके हैं। विगत रविवार को विजय मिश्रा की बेटी रीमा पांडे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखकर भाई विष्णु की जान को खतरा बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस उसका इनकाउंटर कर सकती है। विष्णु मिश्रा पर सामूहिक बलात्कार का गंभीर आरोप है और ऊंची पहुंच के कारण पिछले 10 महीनों से वह फरार चल रहा था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस फरार आरोपी पर ₹1लाख का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी न होने के कारण पुलिस के कार्य करने के तौर-तरीके पर लोग सवाल खड़ा कर रहे थे। जांच के दौरान एसटीएफ को मिश्रा के एक रिश्तेदार के पुणे में होने की जानकारी मिली थी जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को यह संदेह हुआ कि आरोपी पुणे में ही हो सकता है। उसी आधार पर उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स तथा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विधायक बेटे को गिरफ्तार किया गया है।

Back to top button
Close