महाराष्ट्र

जानलेवा गड्ढों पर राजनीति नहीं, समाधान चाहिए’:

जनहित में संस्थाओं ने की नेताओं और मनपा से अपील

मीरा-भाईंदर ( महानगर  समाचार) अंशिका हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी पंकज मिश्रा ने शहर की बदहाल सड़कों और जानलेवा गड्ढों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और महानगरपालिका प्रशासन से राजनीति छोड़कर समाधान पर ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है। ऐसे गंभीर मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप के बजाय ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।

पंकज मिश्रा ने अपने निवेदन में कहा कि शहर के स्थानीय नेताओं को गड्ढों को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय उन्हें भरवाने और नागरिकों को सुरक्षित सड़कें उपलब्ध कराने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को भाषण और बयानबाजी नहीं, बल्कि सुरक्षित और बेहतर बुनियादी सुविधाएं चाहिए।

उन्होंने मिरा-भाईंदर महानगरपालिका के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भी जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए कहा कि नगर निगम नागरिकों द्वारा दिए गए टैक्स के पैसे से संचालित होता है। इसलिए करदाताओं के धन का सही उपयोग करते हुए सड़कों की मरम्मत, गड्ढों की तत्काल भराई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

समाजसेवी पंकज मिश्रा ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस संवेदनशील विषय को गंभीरता से लेंगे तथा राजनीतिक बयानबाजी से ऊपर उठकर शहरवासियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी रहेगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित तंत्र पर होगी।

Back to top button
Close