महाराष्ट्रराजनीति

मनोज तिवारी के कार्यक्रम में भीड़ तो आई,भाजपा के नेता नही आए,रवि व्यास पड़े अलग थलग

मीरा भाईंदर में साफ दिखा भाजपा में गुटबाजी

भाईंदर,( महानगर समाचार) कल भाईंदर पश्चिम में भाजपा के सांसद तथा भोजपुरी लोकप्रिय गायक मनोज तिवारी का कार्यक्रम बालाजी (पपैय्या) ग्राउंड में दीपावली स्नेह सम्मेलन का आयोजन किया गया ।इस कार्यक्रम को शहर भाजपा की तरफ से आयोजित करने का प्रचार प्रसार बहुत जोर शोर से किया गया था। परंतु इस कार्यक्रम में मनोज तिवारी के गाने सुनने के लिए भीड़ तो जुटी
परंतु मीरा भाईंदर के सभी दिग्गज नेता इस कार्यक्रम से अपनी दूरी बनाए रखी।
इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, ठाणे लोकसभा चुनाव प्रमुख विनय सहस्त्रबुधे,
भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा महाराष्ट्र अध्यक्ष संजय पांडे, मीरा भाईंदर भाजपा शहर प्रभारी जयप्रकाश ठाकुर, कोकण प्रांत प्रभारी हेमंत महात्रे,शहर की विधायक गीता भरत जैन के अलावा कोई भी बड़ा नेता इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ। कल के भाजपा के इस कार्यक्रम से मीरा भाईंदर में गुटबाजी साफ तौर पर एक बार फिर दिखाई दी। मीरा भाईंदर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष तथा मीरा भाईंदर शहर 145 विधानसभा चुनाव प्रमुख एडवोकेट रवि व्यास द्वारा अपनी पूरी ताकत झोंक देने के बावजूद भी मंच पर नरेंद्र मेहता गुट का एक भी नेता दिखाई नहीं दिए।मंच पर वही नेता दिखाई दिए जो हमेशा से रवि व्यास के साथ रहते चले आ रहे है। वैसे तो यह कार्यक्रम शहर भाजपा की तरफ से आयोजित किए जाने का प्रचार प्रसार के बावजूद मीरा भाईंदर भाजपा के जिला अध्यक्ष,उपाध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारी गायब थे और तो और बहुत से ऐसे नेता जो रवि व्यास के जिला अध्यक्ष रहते उनके साथ रहते थे वो भी कल नही दिखाई दिए। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रवि व्यास भाजपा में स्पष्ट रूप से अलग थलग दिखाई पड़ रहे है।यह गुटबाजी मीरा भाईंदर भाजपा के लिए शुभ संकेत नही है।

Back to top button
Close