महाराष्ट्र

नवघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई हुए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने एक भव्य समारोह में मिलिंद देसाई को पदक से किया सम्मानित

भायंदर (अशोक निगम) मीरा भायंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के तहत भायंदर पूर्व के नवघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई को महाराष्ट्र के राज भवन में एक भव्य समारोह में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई को राष्ट्रपति पदक से उनके उत्कृष्ट सेवा, अदम्य साहस, ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करने के लिए उन्हें प्रदान किया गया है। मिलिंद देसाई मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) स्थित भवंस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त करने के बाद 1995 में मुंबई पुलिस में भर्ती हुए और बहुत ही कम समय में उन्होंने पुलिस विभाग में जो अपना स्थान बनाया वह बहुत कम लोगो को प्राप्त हो पाता है। पूरे महाराष्ट्र से वर्ष 2020- 21के लिए कुल 114 लोगों को राष्ट्रपति पदक के लिए चुना गया जिसमें से मिलिंद देसाई मीरा भायंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय से अकेले यह गौरव प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारी हैं।
गौरतलब हो कि मिलिंद देसाई तब सुर्खियों में आए जब उन्होंने 1998 में एक नगरसेवक को 1 वर्ष के लिए स्थानबद्ध किया था,इसके बाद 2008 में केतन पारेख सुरक्षा घोटाला में हाईप्रोफाइल लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। वर्ष 2012 में उन्होंने ₹13.5 करोड़ रुपए का नारकोटिक्स जब्त कर ड्रग माफियाओं के खिलाफ बिगुल बजाया था, यह देश का संभवत सबसेबड़ा पहला मामला था, मुंबई बम विस्फोट मामले में गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब को फांसी की सजा देने के खिलाफ विमान के अपहरण करने की धमकी देने वाले शख्स को उन्होंने गिरफ्तार किया। वर्ष 2016 में मिलिंद देसाई ने मुंबई उपनगर के एक होटल में लगी भीषण आग में से एक 85 वर्ष की वृद्ध महिला को सुरक्षित बाहर निकाला था, वर्ष 2017 में मिलिंद देसाई ने एंटी करप्शन विभाग में एक अधिकारी के रूप में काम किया उस दौरान उनके कार्यों की हमेशा सराहना की गई, एंटी करप्शन अधिकारी के रूप में उन्होंने 22 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए एक पुलिस इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया था। वर्ष 2018 में मिलिंद देसाई ने एक आपराधिक मामले का भंडाफोड़ किया था जिसमें छोटे बच्चों का शोषण होता था और 16 पास्को केस के आरोपी को गिरफ्तार किया था। राजभवन में आयोजित इस भव्य समारोह में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मिलिंद देसाई को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया इस अवसर पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, पुलिस महासंचालक रजनीश सेठ, मुंबई के पुलिस कमिश्नर विवेक फडसालकर, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) आनंद लिमए सहित अनेक पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी व सम्मानित किए गए पुलिस अधिकारियों के परिवार जन उपस्थित थे। नवघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किए जाने पर समाज के अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

Back to top button
Close