भारतराजनीति

कांग्रेस का देशव्यापी सत्याग्रह, राहुल गांधी गिरफ्तार

मुंबई,मीरा भयंदर में कांग्रेसी नेता बड़ी संख्या में उतरे सत्याग्रह के लिए सड़कों पर

मुंबई (महानगर संवाददाता) कांग्रेस की सुप्रीमो सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पूछताछ के लिए बुलाने के विरोध में कल पूरे देश भर में कांग्रेसी नेताओं ने सड़क पर उतर कर जगह जगह सत्याग्रह का आयोजन किया। नई दिल्ली में गांधी प्रतिमा के सामने धरना दिया, फिर वहां से पैदल संसद से विजय चौक तक मार्च किया जहां से वह राष्ट्रपति भवन जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन पुलिस ने राहुल गांधी को छोड़कर सभी सांसदों को हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी विजय चौक के पास सड़क पर ही धरने पर बैठे गए पुलिसकर्मियों ने उन्हें काफी समझाने बुझाने की कोशिश की कहा कि उन्हें इस तरह सार्वजनिक स्थान पर नहीं बैठना चाहिए, लेकिन जब राहुल ने उनकी बात नहीं मानी तो उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया, हालाकि राहुल गांधी को शाम को रिहा कर दिया गया। मुंबई में भी सत्याग्रह की शुरुआत मंत्रालय के पास बने गांधी प्रतिमा के पास कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले तथा मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप की अगुवाई में नेताओं ने सत्याग्रह और प्रदर्शन किया। इस मौके पर नाना पटोले ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने विपक्ष को खत्म करने की राजनीति शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसअध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी को झूठे केस में फंसाने की साजिश हो रही है। गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के नेताओं को हिरासत में ले लिया गया, जिसमें पूर्व राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चौहान, पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड, महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, मुंबई युवा कांग्रेस अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी, मुंबई कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष चरणजीत सिंह सप्रा, मधु चौहान, भूषण पाटील, अतुल बर्वे, मुंबई महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अनीशा बाबुल समेत कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया और बाद में पुलिस वालों ने उन्हें रिहा कर दिया। कल के सत्याग्रह में मुंबई से सटे मीरा भयंदर कांग्रेसी नेताओं ने भी बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लिया। भयंदर पश्चिम के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के पुतले के सामने कांग्रेसी नेता इकट्ठा हुए और जमकर नारे लगाए और केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। इस सत्याग्रह में मीरा भयंदर के कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रमोद सावंत, गटनेता जुबेर इनामदार, नगरसेवक अशरफ शेख,अनिल सावंत, एस ए खान, मर्लिन दिशा, गीता परदेसी, महिला युवा अध्यक्ष, कांग्रेस के युवा नेता दीप काकडे, मीडिया प्रवक्ता प्रकाश नागने सहित बड़ी संख्या पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें भाग लिया।

Back to top button
Close